गोलमुरी बाजार में चाय दुकान संचालक पर हमला, घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी बाजार स्थित मनोज उर्फ गुड्डू की चाय की दुकान पर सोमवार शाम अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। बदमाशों ने उसके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन एवं स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी अब खुलेआम दबंगई दिखाते हुए छोटे दुकानदारों को भी निशाना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है। इस घटना से गोलमुरी बाजार के छोटे दुकानदारों और आम लोगों में दहशत का माहौल है।

