निगरानी टीम ने रंगे हाथों घुस लेते DSP को दबोचा।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मधुबनी में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पटना से आई निगरानी की आठ सदस्यों की विशेष टीम ने ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार को उनके कार्यालय में 30 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व निगरानी डीएसपी पवन कुमार ने किया।
जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के गंधवारी गांव निवासी रोहित मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सड़क पर टीपर और डंपर वाहनों के परिचालन की अनुमति देने के नाम पर ट्रैफिक डीएसपी द्वारा उनसे प्रतिमाह एक लाख रुपये की अवैध वसूली की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाकर डीएसपी को रकम लेते ही हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद जब टीम उन्हें कार्यालय से बाहर ला रही थी, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह जमीन पर गिर पड़े और चीखने-चिल्लाने लगे, जिससे मौके पर हाईवोल्टेज ड्रामा की स्थिति बन गई।
आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है।

