अखिलेश यादव का सियासी साइबर अलर्ट, बोले- ‘प्री-पेड पार्टियों’ और दूसरे के इशारे पर चलने वाले नेताओं से बचें
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देने की तैयारी में जुटे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सियासी अंदाज में नया संदेश दिया है। उन्होंने ‘प्री-पेड पार्टियों’ से सावधान रहने के साथ ही ऐसे नेताओं से भी सतर्क रहने की नसीहत दी, जिनका ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) कहीं और से आता है।
अखिलेश यादव के इस बयान को प्रदेश की राजनीति में विपक्षी दलों की रणनीति और भाजपा विरोधी मोर्चेबंदी से जोड़कर देखा जा रहा है। ‘प्री-पेड पार्टियों’ और ‘ओटीपी’ जैसे डिजिटल शब्दों का इस्तेमाल कर उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर तंज कसा है। उनके इस संदेश का संकेत ऐसे दलों और नेताओं की ओर माना जा रहा है, जिनकी राजनीतिक गतिविधियों और फैसलों को लेकर स्वतंत्रता पर सवाल उठाए जाते हैं।
सियासी भाषा में साइबर सिक्योरिटी का उदाहरण देकर अखिलेश ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को राजनीतिक सतर्कता का संदेश देने की कोशिश की है। उनका यह अंदाज ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे जोर पकड़ रही हैं।
हालांकि, इस बयान में अखिलेश यादव ने किसी पार्टी या नेता का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया। ऐसे में उनके निशाने पर कौन था, इसे लेकर राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं।

