यात्रियों से दुर्व्यवहार पर बस प्रतिनिधियों से वार्ता
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
हाता दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को ग्रामीणों की दूसरे चरण की बैठक मुखिया देवी कुमारी भूमिज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में हाता-हल्दीपोखर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ बस एजेंटों द्वारा कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मानगो, साकची और रेलवे स्टेशन बस स्टैंड से यात्रियों को बस में चढ़ने से रोका जाता है तथा महिला और बुजुर्ग यात्रियों को सीट से जबरन उठाया जाता है। इस संबंध में बस मालिकों और प्रतिनिधियों से वार्ता कर तय किराये पर सम्मानपूर्वक यात्रा सुनिश्चित करने की मांग की गई। बस संचालकों को मांगपत्र भी सौंपा गया। कार्रवाई नहीं होने पर उपायुक्त व एसएसपी को ज्ञापन देने की चेतावनी दी गई। मौके पर कृष्णा गोप, सुनील डे, शंकर चंद्र गोप, मंटू मंडल, राजेश कुमार, सुरेश कुमार, सुभाष गोप, लालटू डे व रिक चटर्जी समेत अन्य मौजूद थे।

