
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
*बखरी,बेगूसराय :* छठ महापर्व के दौरान बखरी अनुमंडल में छठ घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और पटाखे फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। अनुमंडल दंडाधिकारी, बखरी ऐश्वर्य कश्यप ने बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा आदेश जारी किया है।
जिला दंडाधिकारी, बेगूसराय के आदेश के आलोक में यह आदेश जारी किया गया है। इसके तहत छठ पर्व के अवसर पर नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य देने तक बखरी अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न नदियों, तालाबों, मोईन, नहर, पाईन, घाटों आदि स्थानों एवं उससे 500 मीटर की परिधि के क्षेत्र में पटाखों की बिक्री और पटाखे जलाने/फोड़ने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि इस आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के अंतर्गत दंडनीय अपराध माना जाएगा एवं दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आदेश की प्रति सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष को प्रचार-प्रसार हेतु भेजी गई है।
