
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
बखरी (बेगूसराय) : लोक आस्था के महापर्व छठ पर पूरा बिहार आस्था के रंग में सराबोर है। हर तरफ छठी मइया के गीत गुंजायमान हो रहे हैं। सड़कें और गलियां सज गई हैं। घाट चकाचक हो गए हैं।
चार दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को खरना सम्पन्न हुआ। छठ व्रतियों ने पूरे दिन उपवास पर रहकर खरना का प्रसाद बनाया। शाम को छठी मैया को प्रसाद के रूप में तैयार गुड़ से बनी खीर, रोटी और केले का भोग लगाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया।
बखरी नगर से लेकर गांव समेत प्रमुख नदी-तालाबों के किनारे आस्था का सैलाब उमड़ेगा। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सोमवार को उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महापर्व छठ संपन्न होगा।
भारतीय सनातन धर्म में सूर्य उपासना का विशेष पर्व छठ है। ये पर्व पूर्णतः आस्था से जुड़ा है। छठ में समर्पण का भाव साफ दिखता है। यह धरती पर रहने वाले समस्त जीवों की भलाई के लिए है।
छठ व्रत में हर कोई समर्पित रहता है। इसके लिए किसी को कहने की जरूरत नहीं होती। कोई रास्तों की सफाई करके तो कोई घाट की तैयारी में अपना योगदान देता है। सब चाहते हैं कि व्रती को दिक्कत न हो। चाहे खरना की तैयारी हो या फिर घाट पर अर्घ्य देने की बात, सबमें लोग तन-मन से जुटते हैं।
भगवान सूर्य साक्षात शक्ति के रूप हैं और एकमात्र देवता हैं जो प्रत्यक्ष दिखाई देते हैं। इस पर्व में गजब का सद्भाव दिखता है।

