
राहटपुर के खेत में उतरे डीएम रिची पांडेय स्वयं हंसुआ चलाकर की धान की कटनी, 35.260 किलो उपज दर्ज
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद
कृषि वर्ष 2026-27 के अंतर्गत अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग के तहत
बलिया प्रखंड अंतर्गत राहटपुर पंचायत के राजस्व ग्राम में आयोजित फसल कटनी प्रयोग कार्यक्रम में डीएम रिची पांडेय ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं खेत में उतरकर हँसुआ चलाया और धान की फसल की कटनी की।
राहटपुर स्थानीय किसान विवेकानंद कुमार पिता रामविलास सिंह के खेत में संपन्न कराया गया। इस दौरान उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप चिह्नित प्लॉट की मापी धान की कटाई एवं दँवरी थ्रेसिंग की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। कटनी एवं दँवरी के उपरांत प्राप्त हरे धान का वजन 35.260 किलोग्राम दर्ज किया गया। मौके पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने तथा प्राप्त उपज का सही वजन दर्ज करने का निर्देश दिया। श्री पांडेय ने कहा कि फसल कटनी प्रयोग के माध्यम से जिले में धान की वास्तविक औसत उपज एवं उत्पादकता का वैज्ञानिक और वस्तुनिष्ठ आकलन किया जाता है। इसके आधार पर फसल क्षति का आकलन फसल बीमा योजनाओं के अंतर्गत किसानों को मिलने वाले लाभ तथा कृषि क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं। कृषि एवं सांख्यिकी विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी निर्धारित स्थलों पर फसल कटनी प्रयोग निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्षता पारदर्शिता एवं निर्धारित वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप संपन्न कराना सुनिश्चित करें जिससे कि उपज का सटीक आंकड़ा प्राप्त हो सके।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बलिया अजय यादव जिला कृषि पदाधिकारी सहित स्तरीय पदाधिकारी जिला सांख्यिकी एवं कृषि विभाग के अधिकारी कर्मी तथा स्थानीय किसान मौजूद थे।

