
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-33 स्थित दादा गैरेज के पास छापेमारी कर गांजा की तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 23.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गांजे की इस खेप को बिहार भेजने की तैयारी थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा गांजे की बड़ी खेप बिहार भेजी जाने वाली है। सूचना के बाद सिटी एसपी ललित मीणा के मार्गदर्शन में पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दादा गैरेज के समीप दो संदिग्धों को तीन बैग के साथ पकड़ा। तलाशी लेने पर बैग से गांजे के कुल 17 पैकेट बरामद हुए。
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा निवासी 20 वर्षीय संतोष कुमार उर्फ संतोष लोधी और परसुडीह के मकदूमपुर रोड नंबर-2 निवासी 37 वर्षीय पूटलू भूमिज के रूप में हुई है。
पुलिस ने संतोष के पास से 12 पैकेट में 15.450 किलोग्राम गांजा, एक ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल और 1200 रुपये नकद बरामद किए। वहीं, पूटलू भूमिज के पास से पांच पैकेट में 8.497 किलोग्राम गांजा और 1000 रुपये नकद जब्त किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। मामले में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

