
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम द्वारा बसुंधरा स्टेट के सामने खाली मैदान में दोबारा कचरा डंप किए जाने पर विधायक सरयू राय ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर इसे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 का उल्लंघन बताते हुए निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सरयू राय ने आरोप लगाया कि मानगो नगर निगम बिना कचरे का पृथक्करण किए रिहायशी इलाके में खुले मैदान में कचरा गिरा रहा है। उनके अनुसार, इस डंपिंग स्थल के लिए आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृति भी नहीं ली गई है। उन्होंने यह भी कहा कि डंपिंग स्थल एनएच-33 और स्वर्णरेखा परियोजना के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के नजदीक स्थित है, जो निर्धारित दूरी संबंधी नियमों के विपरीत है।
पत्र में उन्होंने बताया कि स्थानीय बस्तीवासियों और स्वर्णरेखा परियोजना कार्यालय के कर्मचारियों के विरोध के बाद पहले भी इस स्थान पर कचरा डंपिंग बंद कराकर सफाई कराई गई थी। इसके बावजूद नगर निगम ने दोबारा उसी स्थान पर कचरा गिराना शुरू कर दिया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि स्थानीय लोगों के विरोध के बीच निगम किसके आदेश पर पुलिस बल का इस्तेमाल कर रहा है।
सरयू राय ने उपायुक्त से अवैध कचरा डंपिंग तत्काल बंद कराने, स्थल की स्थिति की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले मानगो नगर निगम के अधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।

