

जमशेदपुर। स्वर्णरेखा और दोमुहानी नदी के छठ घाटों की घेराबंदी कर बिक्री किए जाने की शिकायतों पर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट कहा कि नदी किसी की जागीर नहीं है और छठ घाटों पर किसी का एकाधिकार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छठ पूजा सभी का पर्व है और हर श्रद्धालु को पूजा करने का समान अधिकार है। उन्होंने कहा कि शहर के सभी नदी घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि पहले आने वाले श्रद्धालु को अपनी सुविधानुसार पूजा के लिए जगह मिल सके। घाटों की घेराबंदी कर बेचना गैरकानूनी है। ऐसी शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उपायुक्त के निर्देश पर सिटी एसपी ललित मीणा पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मानगो के प्रमुख छठ घाट का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी व्यक्ति घाट पर अवैध कब्जा या घेराबंदी न करे। सिटी एसपी ने भी स्पष्ट किया कि घाट बेचने या घेराबंदी करने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

