

जमशेदपुर। आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शनिवार को जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी शामिल हुए। बैठक के दौरान एसएसपी ने छठ घाटों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, डेंजर जोन की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का निर्देश दिया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बाइक दस्ता, शक्ति कमांडो, एनडीआरएफ, टैंगो मोबाइल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को घाटों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।

