
लेखक: नितेश सिंह राजपूत
बखरी-बेगूसराय : सरकारी गाड़ी के बोर्ड की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खेल। बखरी डीसीएलआर लिखी स्कॉर्पियो से पुलिस ने 216 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर सरकारी बोर्ड लगाकर पुलिस और आम लोगों की नजर से बचकर शराब की सप्लाई कर रहे थे।
लोहियानगर थाना एवं डीआईयू टीम ने शुक्रवार रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर लोहियानगर थाना क्षेत्र के पनहांस गांव के सामने संयुक्त कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो मोकामा की ओर से शराब लेकर रजौड़ा जा रही थी। टीम ने गाड़ी को घेरकर रोका और तलाशी में 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान आनंद कुमार, पिता – प्रयाग सिंह, साकिन – जिनैदपुर, सत्यम कुमार, पिता – शिवशंकर राय, साकिन – सिकंदरपुर रजौड़ा एवं बिट्टू कुमार, पिता – प्रवीण राय, साकिन – सिकंदरपुर रजौड़ा के रूप में हुई है। तीनों थाना मुफसिल, जिला बेगूसराय के रहने वाले हैं।
पुलिस ने स्कॉर्पियो रजि. नं. BR09PA-2905 को जब्त कर लिया है। गाड़ी पर बिहार सरकार, डीसीएलआर बखरी का बोर्ड लगा था, जिससे वह देखने में सरकारी गाड़ी लगती थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर यह जांच शुरू कर दी है कि यह बोर्ड कहां से बना और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।

