
एसपी अनिमेष नैथानी की तत्परता से नाबालिग बच्ची हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट निजाम खान
चतरा: प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टी अनंतपुर गांव में नाबालिग बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। एसपी अनिमेष नैथानी के कुशल नेतृत्व और सक्रिय पहल पर गठित एसआईटी ने महज दो दिनों के भीतर बच्ची का शव बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
11 नवंबर को बच्ची की मां सिताबिया देवी ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। पुलिस ने 13 नवंबर को गांव में घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ी और धान के खेत से बच्ची का शव बरामद किया।
जांच में बच्ची की मौसी सोहरी देवी, बिंदु भारती और जुगेश भारती की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद और कथित तांत्रिक अनुष्ठान के उद्देश्य से हत्या की गई। घटनास्थल से खून लगे हथियार, कपड़े और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए।
इस जघन्य हत्याकांड का त्वरित उद्भेदन कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में एसपी अनिमेष नैथानी की प्रभावी मॉनिटरिंग और चतरा पुलिस की सक्रियता सराहनीय रही।

