
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक अनाथ एवं नाबालिग आदिवासी बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म करने और उसके गर्भवती होने के आरोपों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस मामले को बेहद गंभीर और हृदयविदारक बताते हुए विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
रघुवर दास ने कहा कि आदिवासी बेटी निशा भगत की पीड़ा से झारखंड अभी उबर भी नहीं पाया था कि एक अन्य आदिवासी नाबालिग बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपों ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अबुआ सरकार के शासन में बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पीड़िता को तत्काल सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में चुप्पी तोड़ने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मांग की कि विधायक भूषण बाड़ा को तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाए और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के लिए पहल की जाए।
रघुवर दास ने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की राजनीतिक चुप्पी या पक्षपात स्वीकार्य नहीं है। पीड़िता को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

