पूरे जामताड़ा जिलेभर में 13 सितंबर से शुरू होगा हेलमेट महा अभियान:एसपी राजकुमार मेहता
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अब और सख्त रुख अपनाने जा रहा है। जिले में 13 सितंबर से हेलमेट पहनने को लेकर विशेष महा अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए जामताड़ा पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
उन्होंने कहा कि जिले में दोपहिया वाहन चालकों के बीच हेलमेट न पहनने की प्रवृत्ति काफी बढ़ गयी थी।जागरूकता और अभियान चलाकर अधिकांश लोग हेलमेट इस्तेमाल कर रहे है लेकिन अब भी कुछ लापरवाह किस्म के लोग हेलमेट नही लगा रहे है।जिसके कारण सड़क हादसों में गंभीर चोट के मामले सामने आ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग ने यह ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट पकड़े जाने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा और बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि पुलिस प्रशासन सिर्फ दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं करेगा, बल्कि जनजागरूकता पर भी जोर देगा।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे खुद की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएँ। यह न केवल कानून का पालन है बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए सबसे जरूरी कदम है। पुलिस का मानना है कि यदि लोग इस नियम का पालन करेंगे तो सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में काफी कमी लाई जा सकेगी।
इस महा अभियान के जरिए जामताड़ा पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर एक नई पहल कर रही है, जो आने वाले दिनों में जिले में सकारात्मक परिणाम दे सकती है।

