मुख्य डाकघर को ई-मेल से बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप; पुलिस ने शुरू की जांच।
राष्ट्र संवाद संवादाता
जहानाबाद। शहर के मुख्य डाकघर को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही डाक विभाग के अधिकारियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और वरीय अधिकारियों को दी, जिसके बाद पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुख्य डाकघर परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा डाकघर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर में आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही पर भी कुछ समय के लिए रोक लगाई गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल डाक विभाग के आधिकारिक ई-मेल पते पर भेजा गया था, जिसमें डाकघर को बम से उड़ाने की बात कही गई है। हालांकि, हालांकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में देश के विभिन्न राज्यों में डाकघरों और पासपोर्ट सेवा केंद्रों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलने की घटनाएं सामने आई हैं, जिन्हें लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। कई मामलों में ये धमकियां फर्जी साबित हुई हैं, लेकिन सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। मामले की जांच जारी है और ई-मेल की तकनीकी पड़ताल की जा रही है।

