
पांच दिन से अंधेरे में डूबे धानघोरी गांव में 24 घंटे में लगा नया ट्रांसफॉर्मर
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
मानुषमुड़िया पंचायत के धानघोरी गांव में पांच दिनों से बाधित बिजली आपूर्ति गुरुवार को बहाल हो गई। सांसद विद्युत वरण महतो के निर्देश पर बिजली विभाग ने महज 24 घंटे के भीतर 100 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया।
जानकारी के अनुसार, गांव का ट्रांसफॉर्मर खराब होने से पिछले पांच दिनों से बिजली गुल थी। ग्रामीण विमलेंदु दास ने इस समस्या से सांसद को अवगत कराया। इसके बाद सांसद ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर ट्रांसफॉर्मर लगवाया और बिजली आपूर्ति बहाल कराई।
बिजली बहाल होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने समस्या के शीघ्र समाधान के लिए सांसद और विद्युत विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

