
बर्तनों की चोरी से ठप हुआ मध्याह्न भोजन, विधायक ने निजी खर्च से की व्यवस्था
*ईचागढ़ के लेपाटांड़ मध्य विद्यालय को उपलब्ध कराए नए बर्तन, बच्चों को मिलेगी राहत*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
ईचागढ़ प्रखंड के मध्य विद्यालय लेपाटांड़ में मध्याह्न भोजन बनाने वाले बर्तनों की चोरी के बाद पैदा हुई समस्या का समाधान विधायक सविता महतो ने अपने निजी खर्च से बर्तनों की व्यवस्था कराकर किया। उनकी पहल से अब विद्यालय में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने का रास्ता साफ हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों अज्ञात चोरों ने विद्यालय से मध्याह्न भोजन बनाने के बर्तन चोरी कर लिए थे। इससे भोजन तैयार करने में परेशानी हो रही थी। विद्यालय प्रबंधन ने इसकी लिखित सूचना शिक्षा विभाग को दी थी, लेकिन विभागीय स्तर पर बर्तन उपलब्ध कराने में समय लगने की बात कही गई थी।
इसी बीच झामुमो जिला मीडिया प्रभारी पशुपति बागची ने मामले की जानकारी विधायक की आप्त सचिव काबलू महतो को दी। इसके बाद विधायक ने तत्काल अपने निजी खर्च से आवश्यक बर्तनों की व्यवस्था कर विद्यालय को उपलब्ध करा दी। इस पहल पर विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने विधायक के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड सचिव अमित कुमार सिन्हा, युवा अध्यक्ष स्वपन आदित्यदेव, शिक्षक हेमंत महतो, बुद्धेश्वर उरांव, शशधर उरांव, बनमाली उरांव सहित विद्यालय की संयोजिका, रसोइया और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

