
डोबो में कार-बाइक की भीषण टक्कर, एमजीएम में इलाज के दौरान दो युवकों की मौत
*पांडे ढाबा के पास देर रात हुआ हादसा, पुलिस ने पीसीआर वाहन से पहुंचाया था अस्पताल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो में गुरुवार देर रात सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। पांडे ढाबा के समीप कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस उन्हें तत्काल पीसीआर वाहन से जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल ले गई, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान धतकीडीह मुखी बस्ती निवासी सुभाष कर्मकार (20) और कपाली की झोपड़ी बस्ती निवासी लाया मुखी (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से डोबो की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की एक सफेद कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों की गंभीर स्थिति देखते हुए पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पीसीआर वाहन से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद दोनों की जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दो युवा बेटों की मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा है।

