फुसबंगला तेजाब कांड पर सियासत तेज, राज्य मंत्री ज्योति सिंह मथारू ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
राष्ट्र संवाद संवादाता
धनबाद: झरिया थाना क्षेत्र के फुसबंगला में हुए कथित तेजाब कांड ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सह राज्य मंत्री ज्योति सिंह मथारू पीड़ित परिवार से मिलने फुसबंगला पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद राज्य मंत्री ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला एक गरीब अल्पसंख्यक परिवार के साथ अन्याय का प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस और चिकित्सा व्यवस्था ने अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके कारण पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिल सका।
उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को मकान मालिक सरदार जसवीर सिंह और कनक ज्वेलर्स के संचालक जितेंद्र कुमार के बीच दुकान को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान दो नाबालिग भाई-बहन झुलस गए। राज्य मंत्री का कहना है कि दुकान पर कब्जे को लेकर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की भी शिकायत सामने आई है, जबकि संबंधित मामले में न्यायालय पहले ही अपना निर्णय दे चुका है।
ज्योति सिंह मथारू ने यह भी आरोप लगाया कि शुरुआती इलाज के दौरान बच्ची की चोटों की गंभीरता को सही ढंग से दर्ज नहीं किया गया। बाद में तबीयत बिगड़ने पर उसे एसएनएमएमसीएच भेजा गया, जहां चिकित्सकीय जांच में तेजाब से झुलसने की पुष्टि होने का दावा किया गया।
निरीक्षण के दौरान झरिया अंचल अधिकारी, सिंदरी एसडीपीओ और झरिया थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने, दुकान विवाद का कानून के तहत समाधान कराने तथा नाबालिग के साथ कथित अश्लील हरकत के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

