
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। टाटानगर से बादामपहाड़ जा रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को गुरुवार शाम शरारती तत्वों की करतूत के कारण करीब 10 मिनट तक रुकना पड़ा। घटना सिदिरसाई स्टेशन से पहले धरूवालुपुंग माहालिडीपा-दामुडीह रेलवे फाटक के पास की है।
जानकारी के अनुसार, शाम छह बजे टाटानगर से रवाना हुई मेमू ट्रेन हल्दीपोखर स्टेशन पार कर सिदिरसाई की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के बीच और आसपास आग की लपटें दिखाई दीं। आग को देखते हुए ट्रेन चालक ने एहतियातन ट्रेन रोक दी। ट्रेन को आता देख आग लगाने वाले शरारती तत्व मौके से फरार हो गए。
इसके बाद यात्रियों ने ट्रेन से उतरकर काफी मशक्कत के बाद करीब 10 मिनट में आग बुझाई। स्थिति सामान्य होने के बाद चालक ने ट्रेन को बादामपहाड़ के लिए रवाना किया। रेलवे ट्रैक पर आग लगाने की इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

