
*फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल हुईं विधायक सविता महतो, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
नीमडीह प्रखंड के सासांगडीह एवं सियालगोड़ा तथा चांडिल प्रखंड के डोबो में जिलपा लाया तिलका मांझी आंचलिक समिति की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि खेलकूद से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेल अनुशासन, आपसी भाईचारे और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने तथा क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करने की अपील की।
कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, मुखिया प्रतिनिधि हरेन सिंह, उपमुखिया जीतू कर्मकार, आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।

