नीट और पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
राजेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही, राहुल गांधी के प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं के साथ कथित पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी इस्तीफे की मांग की।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी।
कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई प्रदेश, जिला एवं प्रखंड पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

