कर्नाटक विधानसभा का अवलोकन किया झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो,हुए प्रभावित
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
रांची: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कर्नाटक विधानसभा का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा भवन की भव्यता और इसकी वास्तुकला की सराहना की। महतो ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा को बहुत ही खूबसूरत और व्यवस्थित ढंग से तैयार किया गया है, जिसमें लकड़ी के बारीक काम का विशेष रूप से ध्यान खींचने वाला योगदान है। उन्होंने विधानसभा के कलाकारों और कारीगरों की तारीफ करते हुए कहा कि उनका कौशल भवन की शोभा को और भी बढ़ा देता है।
अवलोकन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने तकनीकी दृष्टिकोण से एक खास बात पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि भवन की संरचना इस तरह से बनाई गई है कि यहां ध्वनि का कंपन (साउंड वाइब्रेशन) नहीं होता, जिससे सदन की कार्यवाही अधिक सुचारु और स्पष्ट रूप से संचालित हो सकती है। यह पहलू न केवल भवन की इंजीनियरिंग को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि डिजाइनरों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को सहज बनाने पर विशेष ध्यान दिया है।
आपको बता दें कि रविंद्र नाथ महतो कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) सम्मेलन में भाग लेने गए है। सम्मेलन में अपनी भागीदारी पूरी करने के बाद उन्होंने कर्नाटक विधानसभा का दौरा किया और वहां की कार्यप्रणाली तथा निर्माण शैली का गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभव न केवल व्यक्तिगत रूप से प्रेरणादायी होते हैं बल्कि इससे अन्य राज्यों की विधानसभाओं को भी सीख लेने का अवसर मिलता है। महतो का मानना है कि इस प्रकार की संरचनाओं से विधानसभा की गरिमा और कार्यकुशलता में और बढ़ोतरी होती है।

