जमशेदपुर: केनरा बैंक की शाखा से गोल्ड लोन का करोड़ों का सोना गायब होने का मामला, एफआईआर दर्ज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो स्थित जाकिर नगर में संचालित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा में गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखे गए करीब 1.10 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आने के बाद बैंकिंग महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में बैंक के रीजनल मैनेजर की शिकायत पर आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाखा में नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन से संबंधित अभिलेखों का लॉकर में सुरक्षित रखे गए सोने से मिलान किया गया। इस प्रक्रिया में कई पैकेट गायब पाए जाने के बाद बैंक प्रबंधन ने तत्काल आंतरिक जांच शुरू की और पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि कथित गड़बड़ी 12 जून से 18 जून के बीच हुई।
एफआईआर में तत्कालीन शाखा के पूर्व सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो समेत दो अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। बताया गया है कि वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी उक्त शाखा में कार्यरत नहीं है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करोड़ों रुपये मूल्य का सोना किन परिस्थितियों में लॉकर से गायब हुआ, इस कथित अनियमितता में किसकी क्या भूमिका रही और क्या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी। वहीं, बैंक प्रबंधन भी अपने स्तर पर पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।
महत्वपूर्ण: यह मामला बैंक प्रबंधन द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर पर आधारित है। प्राथमिकी में दर्ज आरोप अभी जांच के दायरे में हैं और किसी भी आरोपी का दोष सिद्ध नहीं हुआ है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

