जेएसएलपीएस कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, मांगों पर ठोस कार्रवाई की गुहार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के जेएसएलपीएस कर्मियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। जिला अध्यक्ष तुलसी मुर्मू के नेतृत्व में स्तर-5 से स्तर-8 तक के कर्मियों ने जिला कार्यालय के समीप शांतिपूर्ण आंदोलन किया और चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
कर्मियों की प्रमुख मांगों में बिना कटौती NMMU पॉलिसी लागू करना, जेएसएलपीएस को सोसाइटी एक्ट से हटाकर राज्य कर्मी का दर्जा देना, आंतरिक प्रोन्नति का मार्ग खोलना, HR मैन्युअल के अनुसार 10% वार्षिक वेतन वृद्धि, गृह जिले के निकट पदस्थापन और FTE कर्मियों की सैलरी SNA SPARSH से भुगतान शामिल है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि वर्षों से आश्वासन मिलने के बावजूद एक भी मांग पूरी नहीं हुई है। यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन सड़क से सदन तक जारी रहेगा। मौके पर चित्रसेन भक्त, उत्तम सिन्हा, शिब दास घोष, प्रमोद कुमार, नियाज़ अहमद समेत बड़ी संख्या में एल-5 से एल-8 कर्मी उपस्थित रहे।

