बघुरिया संकुल संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान सर्वश्रेष्ठ मॉडल सीएलएफ (ईस्टर्न ज़ोन) श्रेणी में मिला द्वितीय पुरस्कार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
हैदराबाद स्थित डॉ. एमसीआर एचआरडीआई में 20–21 नवंबर 2025 को एसएचजी फेडरेशन एवं एफपीओ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इसी दौरान घाटशिला का बघुरिया संकुल संगठन देश के पूर्वी क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ मॉडल सीएलएफ श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर सम्मानित हुआ।
सम्मान मुख्य अतिथि सुश्री शांति कुमारी (आईएएस, सेवानिवृत्त), वीसी एवं डीजी, एमसीआरएचआरडीयू द्वारा प्रदान किया गया, जिसे पूर्वी सिंहभूम के डीपीएम सुजीत बारी और बघुरिया सीएलएफ की महिला सदस्यों ने ग्रहण किया।
सम्मेलन में 17 राज्यों की भागीदारी रही, जिनमें से 13 एसएचजी फेडरेशनों का राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु चयन किया गया। पूर्वी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बघुरिया संकुल संगठन, घाटशिला को ₹20,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
सम्मेलन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि एसएचजी फेडरेशन्स अब सिर्फ वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे सामाजिक–आर्थिक परिवर्तन के मजबूत स्तंभ बनकर उभर रहे हैं। स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, जागरूकता, उद्यम प्रोत्साहन, मूल्य श्रृंखला विकास और बाजार से महिलाओं के सीधे जुड़ाव जैसे क्षेत्रों में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर डीपीएम सुजीत बारी ने गरीबी से आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में फेडरेशनों की भूमिका, उद्यम प्रोत्साहन एवं मूल्य श्रृंखला विकास पर अपने विचार साझा किए।

