पालाजोरी पंचायत का निरीक्षण, पंचायत स्तर पर सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पालाजोरी पंचायत का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी ने पंचायत स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने पंचायत कार्यालय पहुंचकर आमजनों को मिलने वाली सुविधाओं, विकास योजनाओं और कार्यालय संचालन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पंचायत सभागार में अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पंचायत स्तर पर दी जाने वाली सभी सुविधाओं को स्पष्ट रूप से डिस्प्ले किया जाए, ताकि आम लोगों को जानकारी मिल सके। साथ ही पंचायत कार्यालय में सप्ताह में दो दिन बैठने का समय निर्धारित कर लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का निपटारा पंचायत स्तर पर संभव है, उसके लिए लोगों को प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगना चाहिए। पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायकों को इस दिशा में जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में पीडीएस व्यवस्था, मनरेगा कार्य, पंचायत ज्ञान केंद्र और सामुदायिक पुस्तकालयों के संचालन की समीक्षा की गई। पुस्तकालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा सप्ताह में दो बार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पंचायत परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं पेयजल टंकी संचालन की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। मौके पर संबंधित अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

