जिलेभर की पंचायतों में चला निरीक्षण अभियान, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी गई
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : जिला में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पीडीएस दुकानों, मनरेगा योजनाओं, स्वास्थ्य केंद्रों, कल्याण छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों एवं आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
जांच अभियान के तहत करमाटांड़ प्रखंड के सुब्दुडीह, जामताड़ा प्रखंड के शहरपुरा व सुखजोड़ा, नारायणपुर के चंदाडीह लखनपुर व चम्पापुर, फतेहपुर के पालाजोरी तथा कुंडहित के विक्रमपुर पंचायतों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जमीनी स्तर पर संचालित योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अभियान की समीक्षा को लेकर संध्या समय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

