बिरसानगर थाना प्रभारी ने छठ घाटों का लिया जायजा, शांति समिति संग की साफ-सफाई और तैयारी की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:छठ महापर्व को लेकर बिरसानगर थाना क्षेत्र में तैयारियों का जायजा लेने और पर्व के दौरान शांति एवं सुव्यवस्थित माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना प्रभारी संतोष कुमार पांडे ने शांति समिति के सदस्यों के साथ मिलकर शनिवार को विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान थाना प्रभारी के नेतृत्व में घाटों की सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कार्य के साथ-साथ उन्होंने पर्व के दौरान संभावित कठिनाइयों पर भी चर्चा की और उनसे निपटने के उपायों पर शांति समिति के सदस्यों से सुझाव मांगे।
थाना प्रभारी श्री पांडे ने कहा कि “आप सभी के सहयोग से छठ महापर्व के दौरान पूर्ण शांति व्यवस्था और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। प्रशासन और समाज के बीच समन्वय से ही त्योहार का सफल आयोजन संभव है।”
शुक्रवार को शांति समिति की बैठक संपन्न होने के तुरंत बाद थाना प्रभारी ने यातायात थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार के साथ क्षेत्र के सभी छठ घाटों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां पाई गईं, उन्हें वरिष्ठ पदाधिकारियों के दिशा-निर्देश पर शनिवार को दूर करने का प्रयास किया गया।
स्थानीय नागरिकों और समिति सदस्यों ने भी प्रशासन के इस पहल की सराहना की और आश्वासन दिया कि छठ पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न होगा।

