बिना लाइसेंस पटाखा बेचने पर दो दुकानें सील
*कुदादा में प्रशासन की छापेमारी, वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर कार्रवाई*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर/सुंदरनगर
दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखा कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कुदादा में कार्रवाई की। बिना लाइसेंस पटाखा बेचने के आरोप में दो दुकानों को बंद करा दिया गया।
बीडीओ सुमित कुमार, सीओ मनोज कुमार और सुंदरनगर थाना प्रभारी अजित मुंडा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कुदादा स्थित मेगोटिया इंटरप्राइजेज और मां बनभोरी ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पटाखा बिक्री से संबंधित लाइसेंस मांगे जाने पर दुकानदार वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने दोनों दुकानों को तत्काल बंद करा दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोनों दुकानों के संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।
प्रशासन ने सुंदरनगर क्षेत्र में अन्य पटाखा दुकानों की भी जांच जारी रखने की बात कही है, ताकि नियमों का उल्लंघन कर पटाखों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

