*lस्वदेशी जागरण मंच, गम्हरिया ने करायी प्रतियोगिताएं
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
स्वदेशी जागरण मंच, सरायकेला-खरसावां जिला इकाई की ओर से मंगलवार को छोटा गम्हरिया स्थित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ स्थानीय बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह और जिला पर्यावरण प्रमुख रश्मि भेंगरा ने की। गम्हरिया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजय प्रसाद मुख्य अतिथि तथा विभाग संयोजक राजकुमार शाह और सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। शिक्षाविद् रविकांत भगत ने परीक्षक की भूमिका निभाई।
चित्रकला प्रतियोगिता में झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों, स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पाद, शिक्षा का अधिकार, मेरे सपनों का भारत और बिजली बचाओ जैसे विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता को परखा गया। कक्षा नौवीं-दसवीं और ग्यारहवीं-बारहवीं की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में झारखंड के उत्पाद एवं पर्यटन, मतदान का महत्व, वंदे मातरम् का इतिहास, आर्थिक परिदृश्य, बौद्धिक संपदा अधिकार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की भूमिका जैसे विषय शामिल रहे। मेहंदी प्रतियोगिता में 37 बालिकाओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं में आदर्श विकास विद्यालय, वाणी विद्या मंदिर, विद्या भारती, विद्या ज्योति स्कूल, राज्य संपोषित उच्च विद्यालय और नव ज्योति विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि विजेताओं को 7 नवंबर को दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

