रामकृष्णा फोर्जिंग्स में ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम
*पीएफ और ईएसआईसी की सुविधाओं से कर्मचारियों को कराया अवगत; सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों की दी जानकारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट-1 में भविष्य निधि विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के संयुक्त तत्वावधान में ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कर्मचारियों और श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, उनके लाभों तथा दावा प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
रांची के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त संदीप लिजर टोप्पो ने कर्मचारियों को भविष्य निधि की विभिन्न योजनाओं, सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं और उनका लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया। वहीं, ईएसआईसी आदित्यपुर शाखा के प्रबंधक संजय कुमार ने बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बीमारी, गंभीर रोग, दुर्घटना, आंशिक या पूर्ण दिव्यांगता तथा आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में ईएसआईसी के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ईएसआईसी से जुड़कर कर्मचारी सेवाकाल के दौरान और नियमानुसार सेवानिवृत्ति के बाद भी निर्धारित सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं और सवाल अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने उनके समाधान की प्रक्रिया समझाई। इस मौके पर जमशेदपुर भविष्य निधि कार्यालय के अधिकारी उमाशंकर प्रसाद, ईएसआईसी निरीक्षक नवल किशोर, प्लांट हेड एम. बालाकृष्णा, एचआर सहायक महाप्रबंधक रिंटू मुखर्जी सहित मैनक गुप्ता, हर्षल कुमार समेत कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

