बिरसानगर पुलिस ने श्रेष्ठम स्वीट्स और टॉम जिम में चोरी का किया खुलासा, एक गिरफ्तार, किशोर निरुद्ध
चार स्मार्टफोन, लैपटॉप, घड़ी समेत चोरी के कई सामान बरामद

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर तीन में विजय गार्डेन के पास स्थित श्रेष्ठम स्वीट्स दुकान और टॉम जिम में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय राहुल सामड को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, लैपटॉप, घड़ी समेत चोरी के कई सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, चोरों ने श्रेष्ठम स्वीट्स और टॉम जिम का ताला एवं शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद रुपये, स्मार्टफोन, लैपटॉप, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य सामान चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में 20 अक्टूबर को बिरसानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

