सुरक्षित बचपन अभियान के तहत कानूनी जागरूकता कार्यक्रम
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
मंगलवार को जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा कानून के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, 2012, बाल अधिकार, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम, साइबर अपराध से बचाव तथा नशे की लत के दुष्परिणामों के संबंध में जानकारी दी गई। न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों को बताया कि वे किस प्रकार गलत संगत, साइबर ठगी और नशे से स्वयं को सुरक्षित रख सकते हैं। किसी भी संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर **1098** तथा पुलिस की सहायता लेने के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस क्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री संजय कुमार ने दून पब्लिक स्कूल, रमजानपुर में, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय श्री बृजेश कुमार सिंह ने गंगा ग्लोबल स्कूल में, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) श्री रवि शंकर कुमार ने कृष्णमूर्ति पब्लिक स्कूल में तथा विशेष न्यायाधीश (मद्यनिषेध) श्री मुकुंद कुमार ने सेंट पॉल पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री वेद प्रकाश मोदी ने सेंट जोसेफ स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में भी संबंधित अनुमंडलों के न्यायिक पदाधिकारियों ने कार्यक्रम आयोजित किए।
इस दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से अपील की गई कि वे प्रत्येक माह कम-से-कम एक दिन बच्चों के लिए विशेष कानूनी जागरूकता कक्षा आयोजित करें, ताकि उनमें कानून, अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित हो सके।

