नशा मुक्ति जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
एसबीएसएस कॉलेज, बेगूसराय में एक माह तक संचालित होने वाले नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवम्बर 2026 तक संचालित होगा। अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान का राज्यस्तरीय शुभारंभ पटना में माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एसबीएसएस कॉलेज, बेगूसराय में किया गया, जिसमें पदाधिकारियों, कर्मियों एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री बृज किशोर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, अधीक्षक, मद्यनिषेध श्री सुमन कुमार सिंह तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई, जिसे उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रहण किया। इस अवसर पर नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया गया।

