तेघड़ा में कांग्रेस का प्रदर्शन, नरेंद्र मोदी का पुतला दहन
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण को लेकर भाजपा द्वारा किए जा रहे विरोध के खिलाफ तेघड़ा प्रखंड कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तेघड़ा बाजार में नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राजनीतिक बयानबाजी में कथित दोहरे मापदंड के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को एक-दूसरे की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन आलोचना का पैमाना सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए अलग-अलग नहीं हो सकता। जब भाजपा के नेता कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं पर तीखी टिप्पणी करते हैं, तब उसे राजनीतिक बयान कहा जाता है, लेकिन विपक्ष की ओर से सवाल उठाने पर पुतला दहन शुरू हो जाता है। यह दोहरा मापदंड लोकतंत्र में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष रंधीर मिश्रा ने कहा कि जो लोग वर्षों से कांग्रेस नेताओं पर तरह-तरह की राजनीतिक और व्यक्तिगत टिप्पणियां करते रहे हैं, उन्हें अपने ऊपर राजनीतिक टिप्पणी होने पर अचानक मर्यादा की चिंता होने लगी है। जिला महासचिव राजीव रंजन सिंह ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी और विपक्ष की आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। .
कांग्रेस नेता सरोज कुमार पासवान ने कहा कि
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत अभद्रता का समर्थन नहीं करती, लेकिन राजनीतिक बयान को लेकर केवल विपक्ष को कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
इस अवसर रामबाबू साह, सुकुल सिंह, कुणाल कुमार, कन्हैया कुमार, बद्री सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए

