सब्जी-फल विक्रेताओं की हड़ताल खत्म, एसडीओ के आश्वासन पर शुरू हुआ कारोबार
निर्धारित स्थल पर दुकान लगाने लगाने से सड़क जाम से मुक्ति के लिए बनाई गई है व्यवस्था
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
नगर परिषद तेघड़ा की ओर से निर्धारित स्थल पर सब्जी और फल की दुकानें लगा रहे विक्रेता मंगलवार को सामूहिक हड़ताल पर चले गए। ठेला लगाकर कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात और नगर परिषद कर्मियों के व्यवहार से जुड़ी शिकायतों को लेकर विक्रेताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा से मुलाकात की। उनके आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त हुई और दोपहर के बाद से मंडी में कारोबार शुरू हो गया।
इससे पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यालय में अंचल मंत्री सनातन सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें चंद्रभूषण सिंह जुलम ,रविंद्र कुमार सहित अन्य नेता मौजूद थे। विक्रेताओं ने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान के लिए अनुमंडल पदाधिकारी से मिलने का निर्णय लिया। एक प्रतिनिधि मंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में उनसे मुलाकात कर समस्याएं रखी
प्रतिनिधिमंडल की बातें सुनने के बाद एसडीओ ने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थल पर नियमानुसार दुकान लगाने वाले विक्रेताओं को दंडित नहीं किया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा का भरोसा देते हुए किसी भी परेशानी की सूचना प्रशासन को देने को कहा।
गौरतलब है कि बाजार में सड़क जाम की समस्या कम करने और विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पिछले 20 दिनों से निर्धारित स्थल पर सब्जी मंडी संचालित हो रही है। व्यवस्था का उद्देश्य बाजार में यातायात सुचारु रखना और विक्रेताओं को कारोबार के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराना है।

