भालूबासा में छठ व्रतधारियों के बीच सूप एवं साड़ी का हुआ निःशुल्क वितरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 25 अक्टूबर: भालूबासा हरिजन स्कूल मैदान दुर्गा एवं काली पूजा समिति के तत्वावधान में छठ महापर्व के अवसर पर भालूबासा क्षेत्र में व्रतधारियों के बीच निःशुल्क सूप एवं साड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास जी मुख्य अतिथि और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भरत सिंह जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस दौरान रघुवर दास जी ने कहा कि “छठ महापर्व आस्था, स्वच्छता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पर्व में सेवा और सहयोग की भावना निहित है। भालुबासा समिति द्वारा व्रतधारियों के बीच सूप और साड़ी वितरण का यह कार्य समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। मैं समिति के सभी सदस्यों को इस पुण्य कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ।”
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भरत सिंह ने कहा कि “छठ महापर्व हमारी लोक संस्कृति और त्याग की भावना का पर्व है। भालुबासा समिति ने व्रतधारियों की सेवा कर समाज में एकता और संवेदना का सुंदर संदेश दिया है। मैं समिति को इस सराहनीय आयोजन के लिए हार्दिक धन्यवाद और शुभकामनाएं देता हूँ।”
कार्यक्रम में पूजा समिति के संरक्षक मूलचंद साहू, राकेश दुबे, जीवन प्रमाणिक, समीर दत्ता, राजेश सिंह सहित अनेक स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भाजपा नेता भरत सिंह ने सभी व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समाज में आपसी सौहार्द एवं सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

