हुनर के रंगों से सजा कला उत्सव का मंच।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही (बेगूसराय)मंच पर सुरों की साधना,नृत्य की लय,चित्रों में कल्पनाओं के रंग और नाटक के जरिए भावों की अभिव्यक्ति। कुछ ऐसा ही नजारा सोमवार को मध्य विद्यालय ऐजनी के प्रांगण में आयोजित कला उत्सव 2026 के दौरान देखने को मिला। प्रखंड के विभिन्न उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर यह दिखाया कि शिक्षा के साथ कला के क्षेत्र में भी ग्रामीण प्रतिभाएं पीछे नहीं हैं।प्रतियोगिता में नवम से 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
कला उत्सव में विद्यार्थियों को अपनी रुचि और हुनर के अनुसार अलग-अलग विधाओं में भाग लेने का अवसर दिया गया।गायन, नृत्य,दृश्य कला,मूर्तिकला,नाटक और कहानी वाचन जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक सोच और कलात्मक क्षमता को सामने लाने का प्रयास किया गया।शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया गया।प्रतियोगिता में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहमा की सोनी कुमारी ने एकल गायन में भाग लिया। समूह गायन में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पनसल्ला के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति दी।नृत्य की एकल विधा में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहपुर पतला की अनुष्का भारती ने हिस्सा लिया।इसी विद्यालय के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य में भी अपनी प्रतिभा दिखाई।दृश्य कला में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परोरा की अदिति कुमारी ने एकल विधा में भाग लिया।पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छौड़ाही मटिहानी की स्वाति प्रिया और आस्था राज समूह दृश्य कला में शामिल हुईं।मूर्तिकला एवं कहानी वाचन में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरीडीह के विद्यार्थियों ने भाग लिया।वहीं नाटक विधा में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ऐजनी के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।
कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से इतर अपनी क्षमता पहचानने,कला-संस्कृति से जुड़ने और मंच पर अपनी प्रस्तुति देने का अवसर उपलब्ध कराना है।विद्यालय स्तर से आगे बढ़कर प्रखंड,जिला और राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में भागीदारी से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम का संचालन राजकुमार रमन ने किया।सरस्वती विद्या निकेतन ऐजनी की प्रधानाध्यापिका प्रीति कुमारी ने अध्यक्षता की।मौके पर प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद तैयब हुसैन,निशांत कुमार,कुमार चंदन किशोर तथा दस संकुलों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

