मानगो दौरे में सरयू राय ने खोली नगर निगम की पोल
सरयू राय का आरोप—ठेकेदार खुद नहीं कर रहा है काम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को मानगो के आज़ादनगर क्षेत्र का दौरा कर नगर निगम की साफ़-सफ़ाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। निरीक्षण में गांधी मैदान, फुटबॉल मैदान, मुर्दा मैदान सहित कई इलाकों में गंदगी का अंबार मिला। गांधी मैदान में कचरे के ढेर, फुटबॉल मैदान में जला हुआ कचरा और मुर्दा मैदान के डंपिंग यार्ड में तब्दील होने पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी जताई।

दौरे के दौरान रोड नंबर-9, ओल्ड पुरुलिया रोड और हड्डी गोदाम क्षेत्र में नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता मिला। डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह बंद पाया गया। विधायक ने कहा कि सफाई ठेकेदार खुद काम नहीं कर रहे हैं और नगर निगम को ऐसे ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने ठेका एजेंसियों के भुगतान पर रोक और बिल में कटौती की मांग की। निरीक्षण में स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

