राष्ट्रपति के NIT जमशेदपुर आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने किया पैदल मार्च
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला आगामी 29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान NIT जमशेदपुर में आयोजित 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में आकाशवाणी चौक से लेकर डीएवी गेट तक करीब चार किलोमीटर तक पैदल मार्च किया गया.
पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रपति के संभावित आगमन मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की. इसके बाद डीसी और एसपी एनआईटी परिसर पहुंचे, जहां दीक्षांत समारोह के आयोजन स्थल को चिह्नित किया गया. एनआईटी के जिमखाना भवन को अपेक्षाकृत छोटा पाए जाने पर परिसर स्थित खुले स्थल का भी निरीक्षण किया गया. इस दौरान एनआईटी प्रबंधन के साथ आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रूट और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त किया जा रहा है. साथ ही नगर निगम को कार्यक्रम से पूर्व पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया है. संभावित रूट, फोर्स डिप्लॉयमेंट और अन्य सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थलों का निरीक्षण किया गया है. राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व सभी सुरक्षा मानकों को पूरा कर लिया जाएगा.
पैदल मार्च के दौरान डीसी और एसपी अधिकारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे. इस अवसर पर संस्थान के निदेशक गौतम सूत्रधार एसडीओ निवेदिता नियति, डीडीसी, एसडीपीओ समीर सवैया, नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

