ग्राहकों की गहरी समझ वाले उद्यमी ही होंगे सफल : प्रो. संजय पात्रो
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।एक्सएलआरआई जमशेदपुर में स्टार्टअप कॉन्क्लेव ‘इंजीनियम 6.0’ का आयोजन पीजीडीएम जनरल मैनेजमेंट बैच 2025-26 द्वारा किया गया। कार्यक्रम में देशभर से उद्यमी, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उद्घाटन सत्र में डीन एकेडमिक्स प्रो. संजय पात्रो ने कहा कि वही उद्यमी दीर्घकालिक रूप से सफल होंगे, जिन्हें अपने ग्राहकों की गहरी समझ होगी।
उद्घाटन संबोधन में प्रो. संजय पात्रो एवं प्रो. पूर्ण चंद्र पाधान ने कहा कि बदलते तकनीकी और बाजार परिवेश में भी संस्थापकों को अपनी मूल दृष्टि और मूल्यों से समझौता नहीं करना चाहिए। कॉन्क्लेव में दो पैनल चर्चाओं का आयोजन हुआ, जिसमें रणनीतिक लचीलापन, स्केलिंग, नेतृत्व, संस्कृति निर्माण, निवेश, तकनीक और सस्टेनेबिलिटी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का समापन प्रो. सुनील सारंगी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जबकि मंच संचालन युक्ता तिवारी एवं निखिल जैन ने किया।

