क्रिया योगी श्री शिवेंदु लाहिड़ी की मंगल स्मृति में 101 युनिट रक्तदान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
31दिसंबर, भारत वर्ष के महान गृहस्थ योगी और आधुनिक काल में क्रिया योग के जनक लाहिड़ी महाशय के प्रपौत्र तथा क्रियायोगी शिवेंदु लाहिड़ी के जन्मदिवस की मंगल स्मृति में सत्यलोक क्रियायोग परिवार, जमशेदपुर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक भवन, प्रेमनगर, लक्ष्मीनगर, जमशेदपुर में प्रातः 9 से संध्या 5 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इसमें काफी संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया जिसमें नवयुवकों एवं युवतियों की भागीदारी बहुत अच्छी थी । कुल 101 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ। रक्त संग्रह का कार्य एम जी एम के द्वारा किया गया और संग्रहित समस्त रक्त सरकारी अस्पताल एम जी एम के ब्लड बैंक को दिया गया ताकि वहां के निर्धन रोगियों को उसका लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त दरिद्र नारायण भंडारा के अंतर्गत भारत सेवाश्रम संघ कुष्टाश्रम के रोगियों को भी भोजन कराया गया तथा उन्हें वस्त्र और नगद राशि भी दी गई। सभी के चेहरे पर हर्ष एवं उत्साह का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान अपराह्न में क्रियायोग वंश-परंपरा के वर्तमान गुरु श्री उज्ज्वल लाहिड़ी ने ऑनलाइन जुड़कर वहाँ उपस्थित सभी क्रियावानों को लोकमंगल हेतु रक्तदान शिविर एवं दरिद्र नारायण भोज के पवित्र कार्य के लिए बधाई और आशीर्वाद दिया।
इस कार्यक्रम के आयोजन में मनोज कुमार, अखिलेश मिश्रा, उपेंद्र कुमार, राकेश शाही, बबन कुमार, संतोष पांडे, सुजीत कुमार, मिथिलेश चौधरी, मिथिलेश प्रसाद, कामाख्या प्रसाद, अनिरुद्ध त्रिपाठी, ज्ञानशंकर सिंह, जवाहरलाल सिंह, अनंत त्रिपाठी, अंकित कुमार के साथ सत्यलोक क्रिया योग परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।

