पारधीह काली मंदिर में विशेष अनुष्ठान व महाभंडारा, 40 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।टाटा–रांची नेशनल हाईवे संख्या 33 पर स्थित पारधीह के प्राचीन काली मंदिर में नववर्ष के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में 35 से 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती ने बताया कि बीते 35 वर्षों से हर वर्ष 1 जनवरी को यहां विशेष भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी जाति, धर्म और संप्रदाय के लोग श्रद्धापूर्वक भाग लेते हैं। इस अवसर पर देशभर से साधु–संत समाज का भी आगमन होता है और सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की समुचित व्यवस्था की जाती है।
उन्होंने बताया कि अनुष्ठान की शुरुआत वर्ष के अंतिम दिन होती है, जबकि इसकी पूर्णाहुति 1 जनवरी को संपन्न होती है। महंत विद्यानंद सरस्वती ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस अनुष्ठान में शामिल होकर नववर्ष की शुरुआत ईश्वर के आशीर्वाद से करने की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से 1 जनवरी को मांस–मदिरा का त्याग कर ईश्वर भक्ति में लीन होने का भी आग्रह किया।

