डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा संस्थान में ‘वंदे मातरम्’ समारोह, विशिष्ट व्यक्तियों को किया गया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा संस्थान, बिष्टुपुर के सभागार में शनिवार को प्रातः 10 बजे से वंदे मातरम् समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के महासचिव डॉ. हरिबल्लभ सिंह ‘आरसी’ ने की।
समारोह में ‘वंदे मातरम् सम्मान’ प्रदान कर समाजसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में आरका जैन विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. एस. एस. रज्जी, बिहार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. एस. के. सिंह तथा तुलसी भवन के मानद सचिव श्री प्रसेनजित तिवारी शामिल रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने वंदे मातरम् गीत की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह गीत राष्ट्र की आत्मा और भारतीय संस्कृति का अद्वितीय प्रतीक है। प्रो. डॉ. रज्जी ने वंदे मातरम् को ‘भारत की आत्मा’, डॉ. एस. के. सिंह ने ‘भारतीय संस्कृति का संवाहक’ तथा श्री प्रसेनजित तिवारी ने इसे ‘भारत की सांस्कृतिक आत्मा’ बताया। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. हरिबल्लभ सिंह आरसी ने वंदे मातरम् को ‘राष्ट्र का महामंत्र’ कहा।
इस अवसर पर झारखंड स्थापना दिवस की बधाई दी गई और भगवान बिरसा मुंडा एवं शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का स्वागत वक्तव्य प्रो. डॉ. अंगद तिवारी ने दिया, संचालन डॉ. श्यामलाल पांडेय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्या श्रीमती पूर्णिमा त्रिपाठी द्वारा किया गया।
समारोह में विद्यालय के नन्हें-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने झारखंड स्थापना दिवस पर मनमोहक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनों की खूब सराहना बटोरी।

