उलीडीह चोरी कांड का खुलासा कर्ज़ में डूबे भाई ने ही रची थी पूरी साजिश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर (मानगो)। उलीडीह थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। वादी पवन कुमार द्वारा 19 नवंबर को दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोर उनके और उनके भाई औरंगनाथ के घर से जेवरात और ₹90,000 नकद लेकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर तथा पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच में संदेह के आधार पर पवन कुमार के भाई औरंगनाथ को संरक्षण में लेकर पूछताछ की गई। गहन पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह भारी कर्ज़ में डूबा था, इसी कारण तनाव में आकर 18 नवंबर को स्वयं ने यह चोरी की घटना रची।
परिवार के सभी सदस्य उस दिन आदित्यपुर में तिलकोत्सव में गए थे। मौके का लाभ उठाकर औरंगनाथ ने घर में रखे जेवरात और नकदी ले ली और संदेह से बचने के लिए अपने घर में भी झूठी चोरी की कहानी गढ़ दी।
पुलिस ने स्वीकारोक्ति के आधार पर बरामदगी की प्रक्रिया पूरी कर ली है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

