तौकीर हत्याकांड में मुख्य आरोपी अयान गिरफ्तार देसी पिस्तौल व छह खोखे बरामद, पुरानी रंजिश में दी गई थी वारदात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में मो. तौकीर उर्फ गोरा की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मसूद इकबाल उर्फ अयान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल तथा घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए गए हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता में बताया कि तौकीर और अयान के बीच पुराना विवाद था। सितंबर में तौकीर ने अयान पर चापड़ से हमला किया था, इसी रंजिश में अयान ने उसकी हत्या की योजना बनाई।
घटना के दिन सभी आरोपी कार से पहुंचे और तौकीर पर हमला बोल दिया। अयान ने पिस्तौल से छह गोलियां चलाईं, इसके बाद चापड़ से भी वार किए गए। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने अयान को उसके घर के पास से दबोच लिया।
तौकीर के खिलाफ भी हत्या व रंगदारी मांगने के कई मामले दर्ज थे। इसी वर्ष उसके विरुद्ध तीन मामलों में कार्रवाई हुई थी। गिरफ्तार अयान को जेल भेज दिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

