भीषण गर्मी से दिनभर तपता रहा शहर, सड़कों पर पसरा सन्नाटा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शनिवार को शहर में भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय तापमान बढ़ने के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। खासकर टेल्को से गोलमुरी जाने वाली सड़क पर दिन के समय बहुत कम लोग नजर आए और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। सड़क किनारे दुकानें और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। गर्मी से बचने के लिए लोग छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए।

मौसम की तपिश के कारण दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर गर्म हवाएं चलने से लोगों को उमस और बेचैनी महसूस होती रही।

