रिपोर्ट – अमन ओझा(ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावाँ जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार, 05 मार्च 2026 को विशेष जांच अभियान चलाया गया। यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने कांड्रा टॉल मोड़ के समीप सुबह 05:00 बजे से ड्रंक एंड ड्राइव तथा सवारी गाड़ियों में अतिरिक्त यात्री बैठाकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान मोटरसाइकिल से लेकर बड़े व्यावसायिक वाहनों तक की गहन जांच की गई। इसी क्रम में वाहन संख्या JH05BB-3312 के चालक हरिराम सरदार को 335 एमजी अल्कोहल का सेवन कर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। तत्काल वाहन मालिक को सूचित करते हुए चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार जुर्माना किया गया। इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान तीन सवारी गाड़ियों में कुल 30 अतिरिक्त यात्रियों को बैठाकर वाहन संचालन करते हुए पाया गया।

सभी संबंधित वाहनों के चालकों पर यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

